नैतिक चेतना अपनाकर रोकना होगा अपराध : जिला जज

सुलतानपुर(अंजलि सिंह राजपूत) : समाज को नैतिक चेतना अपनाकर अपराधों को रोकना होगा। प्रत्येक व्यक्ति विधि के समक्ष बराबर है। इससे कोई ऊंचा नहीं है, विधि ही सर्वोच्च है। समाज को सही दिशा प्रदान करने में महिलाओं की सशक्त भूमिका है। उक्त बातें बुधवार को विकास खंड के बीआरसी मुख्यालय पर आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में जनपद न्यायाधीश संतोष राय ने कही।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सतीश कुमार मगन ने पॉस्को एक्ट, महिलाओं के अधिकार व सुरक्षा के बारे में विधिवत जानकारी आंगनबाड़ी की महिलाओं को प्रदान की।

उन्होंने लैंगिक अपराधों को रोके जाने के बारे में बताते हुए यह भी कहा कि माता-पिता को अपने बच्चों से निरंतर संवाद बनाए रखना चाहिए और उनसे उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त करना चाहिए, जिससे बच्चों में किसी भी प्रकार की हीन भावना ना पैदा हो। किसी भी बच्ची या बच्चे के साथ लैंगिक अपराध हुए हैं।

उसकी पहचान गुप्त रखा जाना चाहिए। इस मौके पर डॉ चारू द्विवेदी, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक बल्दीराय संदीप कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी राम कुमार आदि मौजूद रहे

प्रशिक्षण से होता है व्यक्तित्व का विकास :

प्रशिक्षण से व्यक्तित्व का विकास होता है साथ ही साथ आत्म विश्वास,अनुशासन एवं आपसी सौहार्द की भावना उपलब्ध होती है। वर्तमान परिवेश में स्वस्थ युवा शक्ति से सशक्त भारत के निर्माण की परिकल्पना की जा सकती है। यह बातें तीन दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण समापन के अवसर पर रामचरन सिंह इंटर कॉलेज रवनियां के प्रधानाचार्य डॉ.अजेय प्रताप सिंह ने कही।

उन्होंने कहा कि छात्रों ने प्रशिक्षण में जो कला सीखी है। उसका जीवन में सदुपयोग करें। स्काउट प्रशिक्षण महेंद्र वर्मा, रेनु वर्मा, कविता वर्मा, जगदीश द्वारा स्वच्छता अभियान, सड़क सुरक्षा, सीमित संसाधन में जीवन जीने की कला , परोपकार, देश सेवा, प्राथमिक उपचार आदि के विषयों में जानकारी दी।